×

चंदौली मुठभेड़: 25 हजार का इनामी बदमाश शेरू अंसारी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, साथी भी दबोचा

 चकिया पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई, पुलिस पर फायरिंग के बाद घायल हुआ इनामी आरोपी, तमंचा और बाइक बरामद

चंदौली। चंदौली पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। चकिया थाना पुलिस, स्वाट (SOG) और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में इलिया थाने से वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

इस दौरान उसका एक साथी भी पुलिस की कॉम्बिंग में दबोच लिया गया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक गांधी नगर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी तेज रफ्तार से लतीफशाह रोड की ओर भागने लगे।

पीछा करने पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसी दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पूछताछ में उसकी पहचान अली हसन उर्फ शेरू अंसारी निवासी कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई। वह इलिया थाने से वर्ष 2025 से वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

घटना के दौरान दूसरा आरोपी जंगल की ओर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने तत्काल कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान सोनू अंसारी निवासी अहरौरा, मिर्जापुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जबकि घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

तमंचा और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।

पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार इनामी आरोपी के खिलाफ इलिया थाने में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की भी जांच कर रही है।

Share this story