चंदौली: अहिकौरा गांव में सम्राट अशोक जयंती समारोह धूमधाम से संपन्न
चंदौली। जिले के धानापुर विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत अहिकौरा गांव में सम्राट अशोक क्लब के तत्वावधान में देवनाप्रिय प्रियदर्शी सम्राट अशोक महान जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों ने भाग लिया और सम्राट अशोक के आदर्शों को याद किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जन अधिकार पार्टी के संस्थापक एवं जौनपुर सांसद बाबू सिंह कुशवाहा रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि करीब 2300 वर्षों बाद भी सम्राट अशोक को पूरे सम्मान के साथ याद किया जा रहा है, जो उनके आदर्शों की महानता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अशोक के शासनकाल में गरीबों को न्याय मिलता था और समाज में समानता का भाव था।
बाबू सिंह कुशवाहा ने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान में लिखे अधिकारों को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए समान विचारधारा वाले लोगों को सत्ता में लाना जरूरी है। उन्होंने अशोक, महात्मा ज्योतिबा फुले और संत गाडगे जैसे महापुरुषों के विचारों को आगे बढ़ाने की अपील की।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एडवोकेट हृदय लाल मौर्य ने कहा कि भारत की पहचान सम्राट अशोक से है और उनकी विरासत को संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने इतिहास को भूल जाता है, वह कभी प्रगति नहीं कर सकता। साथ ही उन्होंने अखंड भारत और राष्ट्रीय प्रतीकों में अशोक चक्र के महत्व पर प्रकाश डाला।
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज सिंह काका ने अपने संबोधन में वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य पर टिप्पणी करते हुए कहा कि आजादी के आंदोलन में जिनका कोई योगदान नहीं रहा, वे आज राष्ट्रभक्ति की बात कर रहे हैं। वहीं मुख्य वक्ता लौटन राम निषाद ने प्रदेश सरकार पर पिछड़े और दलित वर्ग के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर रामजन्म मौर्य ने की, जबकि संचालन जिला पंचायत सदस्य गणेश भारतीय ने किया। इस अवसर पर हेमंत कुशवाहा, श्रवण कुशवाहा, राजेश यादव, रमेश चंद्र कुशवाहा, बुल्लू यादव, दयाराम यादव, जगमेंद्र यादव, कन्हैया सिंह, अमित मौर्य, संतोष मौर्य, भुवनेश्वर प्रधान, मनोज मौर्य, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव हरदेव कुशवाहा, रामधवल पासवान, आनंद समेत हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
