चंदौली में त्योहारों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, पूजा पंडालों से विसर्जन मार्ग तक होगी निगरानी
खाद्य पदार्थों की जांच, बिजली सुरक्षा, साफ-सफाई और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
चंदौली। आगामी नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए चंदौली जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में पुलिस लाइन सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और बुनियादी इंतजामों को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए सभी उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख पूजा स्थलों और आयोजन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को समय रहते दूर कराया जाए, ताकि पर्व के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

डीएम ने सड़कों पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए छुट्टा पशुओं के प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। नगर निकायों और पंचायत विभाग को पूजा पंडालों, मूर्ति विसर्जन मार्गों तथा रावण दहन स्थलों पर पर्याप्त साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को भी सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। बाजारों में बिकने वाले खोया, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच अभियान चलाने तथा मिलावट पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी नई परंपरा की शुरुआत की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने पूजा पंडालों में बिजली के तारों और कनेक्शनों की जांच कराकर शॉर्ट सर्किट से बचाव के उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मूर्ति विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने के साथ रावण दहन स्थलों पर अग्निशमन से संबंधित पर्याप्त इंतजाम करने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।
प्रशासन का उद्देश्य नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है।
