चंदौली: निर्माणाधीन न्यायालय भवन का डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने किया औचक निरीक्षण, कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
चंदौली। चंदौली जिले में न्यायिक व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन नए न्यायालय भवन का जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि निर्माण स्थल पर मैनपावर और मशीनरियों की संख्या तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा किया जा सके।

निर्माण गुणवत्ता पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान डीएम ने न्यायालय परिसर के विभिन्न हिस्सों, न्यायालय कक्षों, अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था और आम नागरिकों के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से निर्माण कार्य की प्रगति और उपयोग की जा रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जानकारी भी ली।

उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
वादकारियों और अधिवक्ताओं की सुविधाओं पर रहेगा विशेष ध्यान
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नए न्यायालय भवन में आने वाले वादकारियों, अधिवक्ताओं एवं आम जनता के लिए पेयजल, शौचालय, पार्किंग, बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही परिसर में हरियाली विकसित करने और सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने के लिए भी कहा, ताकि परियोजना समय पर पूरी होकर न्यायिक सेवाओं को नई गति मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
