×

घर के सामने चार पहिया वाहन खड़ा करने पर भिड़े दो पक्ष, चंदौली में मारपीट, 10 लोग घायल

घर के सामने चार पहिया वाहन खड़ा करने पर भिड़े दो पक्ष, चंदौली में मारपीट, 10 लोग घायल

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के ओदरा गांव में घर के सामने चार पहिया वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। शुक्रवार देर शाम दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें 10 लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

 

जानकारी के अनुसार, ओदरा गांव निवासी धनेश राम के घर के सामने एक चार पहिया वाहन खड़ा था। वाहन हटाने को लेकर पड़ोसियों के साथ कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। इसके बाद दोनों ओर से मारपीट होने लगी।

 

दोनों पक्षों के लोग हुए घायल

मारपीट में धनेश राम (45), रमेश राम (50), राकेश (48), मनीष (25), ममता (26) और राधिका (42) घायल हुए। वहीं दूसरे पक्ष से मिथिलेश राम, रेनू (35), रेखा कुमारी (40), किशन राम (16) और डॉ. सतीश (31) को चोटें आईं।

घायलों को पहले धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। रमेश राम और राकेश की हालत गंभीर बताई गई है।

पुलिस कर रही कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलने पर धानापुर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक संजय ओझा ने बताया कि ओदरा गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है। तहरीर के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Share this story