×

चंदौली: 25 हजार का इनामी गौ-तस्कर गिरफ्तार, 187 करोड़ के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने का दावा

चंदौली: 25 हजार का इनामी गौ-तस्कर गिरफ्तार, 187 करोड़ के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े होने का दावा

चंदौली। चंदौली जिले की सैयदराजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी और लंबे समय से वांछित गुलाम मोहम्मद उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक पिकअप वाहन बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी एक अंतरराज्यीय गौ-तस्करी गिरोह से जुड़ा हुआ था और उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल छह मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी की गतिविधियों पर पुलिस काफी समय से इलेक्ट्रॉनिक और मैनुअल सर्विलांस के जरिए नजर रख रही थी।

भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तारी

मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी को उस समय दबोच लिया, जब वह पिकअप वाहन से भागने की कोशिश कर रहा था। पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि आरोपी 31 सदस्यों वाले एक संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है, जो कई राज्यों में गौ-तस्करी के कारोबार से जुड़ा रहा है।

187 करोड़ रुपये के लेन-देन की जांच

पुलिस जांच में गिरोह के सदस्यों के बीच करीब 187 करोड़ रुपये के वित्तीय लेन-देन की जानकारी सामने आई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी से जुड़े बैंक खातों के विश्लेषण में लगभग 59.82 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस का मानना है कि इस रकम का इस्तेमाल कथित रूप से गौ-तस्करी नेटवर्क को आर्थिक सहायता पहुंचाने में किया गया।

नकद भुगतान से चलाता था नेटवर्क

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि पुलिस की सख्ती बढ़ने के बाद उसने बैंकिंग माध्यम छोड़कर नकद भुगतान के जरिए कारोबार संचालित करना शुरू कर दिया था। उसने यह भी बताया कि अपनी सुरक्षा के लिए वह अवैध हथियार अपने साथ रखता था।

नेटवर्क की गहन जांच जारी

पुलिस अब पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क, उसके आर्थिक स्रोतों और अन्य आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी बड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

Share this story