×

चंदौली: सिविल बार एसोसिएशन चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह अध्यक्ष निर्वाचित

चंदौली: सिविल बार एसोसिएशन चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह अध्यक्ष निर्वाचित

चंदौली में सिविल बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम करीब 6 बजे से मतगणना शुरू की गई। देर रात घोषित परिणामों में अध्यक्ष पद पर डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए मजबूत बढ़त के साथ विजय हासिल की।

अध्यक्ष पद की दौड़ में डॉ. वीरेंद्र प्रताप सिंह को 1141 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी मनोज कुमार सिंह को 729 वोट मिले। सुरेंद्र प्रताप सिंह को 90 मतों से संतोष करना पड़ा। इस प्रकार डॉ. सिंह ने 412 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर बार एसोसिएशन में अपनी मजबूत पकड़ साबित की।

महामंत्री पद पर मुकाबला बेहद रोचक और बहुकोणीय रहा। पूर्ण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के पौत्र आशुतोष कुमार मिश्र ने 742 मत हासिल कर बाजी मारी। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सत्य प्रकाश को 449 वोट मिले। वहीं अरुण मिश्र को 418 और संदीप यादव को 368 मत प्राप्त हुए।

कनिष्ठ उपाध्यक्ष के दो पदों पर भी कांटे की टक्कर देखने को मिली। कांति भूषण सिंह को 999 मत और अनिल मौर्य को 839 मत प्राप्त कर दोनों निर्वाचित घोषित किए गए। अनिल कुमार 818 मत पाकर मामूली अंतर से पीछे रह गए।

परिणाम घोषित होते ही सदर तहसील परिसर में समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। विजयी प्रत्याशियों को माल्यार्पण कर समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। देर रात तक परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही। सीओ सदर देवेंद्र कुमार और प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।

Share this story