×

चंदौली में नशे में धुत कार चालक ने घर में मारी जोरदार टक्कर, पति-पत्नी गंभीर घायल

चंदौली में नशे में धुत कार चालक ने घर में मारी जोरदार टक्कर, पति-पत्नी गंभीर घायल

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सराय रसूलपुर गांव में शनिवार देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर एक घर के बरामदे में जा घुसी। हादसे के समय बरामदे में सो रहे पति-पत्नी मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने कार सवार दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया।

तेज रफ्तार कार घर के बरामदे में घुसी

जानकारी के अनुसार धानापुर मुख्य मार्ग पर सराय रसूलपुर गांव में वहाबुद्दीन अपने परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार रात वह अपनी पत्नी के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे उनके घर के बरामदे में जा घुसी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बरामदे का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घर में रखा पंखा, साइकिल, चारपाई और अन्य सामान भी टूट गया। घर के पास बंधी बकरी भी हादसे में घायल हो गई और उसका पैर टूट गया।

जानकारी के अनुसार धानापुर मुख्य मार्ग पर सराय रसूलपुर गांव में वहाबुद्दीन अपने परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार रात वह अपनी पत्नी के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे उनके घर के बरामदे में जा घुसी।

मलबे में दबकर पति-पत्नी घायल

कार की टक्कर के बाद घर की पटिया और ईंटें टूटकर पति-पत्नी के ऊपर गिर गईं। हादसे में वहाबुद्दीन कुछ समय के लिए बेहोश हो गए। उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हुईं।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे। लोगों ने दोनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।

ग्रामीणों ने कार सवारों को पकड़ा

बताया जा रहा है कि कार में चालक समेत चार लोग सवार थे। ग्रामीणों का आरोप है कि कार में सवार लोग नशे की हालत में थे। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चालक राजन कुमार समेत दो लोगों को पकड़ लिया।

घटना की सूचना पुलिस को देने के लिए 112 नंबर पर भी कॉल किया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए दोनों लोगों को रात में मोहरगंज पुलिस चौकी ले गई।

घायल पति-पत्नी का अस्पताल में इलाज

घायलों को चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। परिजनों के मुताबिक वहाबुद्दीन के सिर, हाथ और कमर में चोट आई है, जबकि उनकी पत्नी के पैर और कमर में चोट लगी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

वहाबुद्दीन ने बताया कि वह पत्नी के साथ बरामदे में सो रहे थे। अचानक तेज आवाज के साथ कार घर में घुस गई और उनके ऊपर पटिया व ईंटें गिर गईं। इसके बाद उन्हें कुछ समय तक कुछ पता नहीं चला।

उनके छोटे बेटे मुस्ताक के मुताबिक घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस जांच में जुटी

हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कार चालक की स्थिति क्या थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

Share this story