×

चंदौली में इनामी भोला भारती गिरफ्तार, गांव की गलियों में हाथ जोड़कर घुमाया; सुफियान पर हमले का है आरोप

चंदौली में इनामी भोला भारती गिरफ्तार, गांव की गलियों में हाथ जोड़कर घुमाया; सुफियान पर हमले का है आरोप
 अलीनगर पुलिस की कार्रवाई से मचा हड़कंप, पुरानी रंजिश में लाठी-डंडों से हमला और तमंचे से फायरिंग के मामले में थी तलाश

चंदौली। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस ने इनामी आरोपी भोला भारती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी सुफियान पर जानलेवा हमला करने और तमंचे से फायरिंग करने के मामले में वांछित था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे उसके गांव ले गई, जहां पैदल मार्च कराया गया। इस दौरान आरोपी ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर अलीनगर कोतवाली पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। इंस्पेक्टर गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। भोला भारती पर आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर सुफियान पर लाठी-डंडों से हमला किया गया था और तमंचे से फायरिंग भी की गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

बताया जा रहा है कि आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद एक बार फिर जानलेवा हमले के मामले में सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी थी। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम को सफलता मिली और इनामी आरोपी को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को उसके गांव लेकर पहुंची। वहां पुलिस ने पैदल मार्च कराया। इस दौरान भोला भारती हाथ जोड़कर ग्रामीणों से दोबारा ऐसी गलती नहीं करने की बात कहता दिखाई दिया। पुलिस की इस कार्रवाई की इलाके में चर्चा रही।

अलीनगर पुलिस का कहना है कि अपराध और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Share this story