चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन! 90 किलो गांजा बरामद, ओडिशा से दिल्ली-राजस्थान जा रही थी खेप
चंदौली। जनपद चंदौली की अलीनगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पचपेड़वा अंडरपास (रेवसा) के पास घेराबंदी कर एक क्रेटा कार और डीसीएम मिनी ट्रक से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 22.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से अवैध गांजे की बड़ी खेप डीसीएम ट्रक में लादकर वाराणसी के रास्ते दिल्ली और राजस्थान ले जाई जा रही है। तस्करी के दौरान एक क्रेटा कार ट्रक के आगे चलकर रास्ता दिखा रही थी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस ने पचपेड़वा अंडरपास के पास रिंग रोड पर घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगे, लेकिन टीम ने दोनों वाहनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान क्रेटा कार की डिग्गी से 22 किलोग्राम तथा डीसीएम ट्रक में नीली पॉलिथीन के नीचे छिपाकर रखे गए 68 किलोग्राम गांजे की बरामदगी हुई। इस प्रकार कुल 90 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे वाहन मालिक के कहने पर ओडिशा से गांजा खरीदकर राजस्थान और दिल्ली पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस से बचने के लिए गांजे को अलग-अलग बंडलों में छिपाकर परिवहन किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी
काशीराम (हनुमानगढ़, राजस्थान), मनोज कुमार (अरवल, बिहार), ज्ञानेन्द्र कुमार (रोहिणी, दिल्ली), सुशांत कुमार दिग्गल (कंधमाल, ओडिशा)।
बरामदगी
90 किलोग्राम अवैध गांजा अनुमानित कीमत ₹22.50 लाख, क्रेटा कार OD 33 N 6600, डीसीएम मिनी ट्रक HR 57 A 8858
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना अलीनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
