चंदौली में 20 लाख का गांजा बरामद, पुलिस को टक्कर मारकर भाग रहे तीन तस्कर गिरफ्तार
चंदौली। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 60 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।
बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति अर्टिगा कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर एसओजी, सर्विलांस और अलीनगर पुलिस की टीम हमीदपुर पटनवा के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मिर्जापुर की ओर से आ रही सफेद रंग की मारुति अर्टिगा कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय पुलिस टीम पर कार चढ़ाने की कोशिश की और तेज रफ्तार से भागने लगा।
इसके बाद पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया और बाबतपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे रोक लिया। आरोप है कि कार सवारों ने पुलिस की गाड़ियों में भी टक्कर मारी और मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को वाहन समेत पकड़ लिया।
स्टेपनी के नीचे छिपाकर रखे थे गांजे के बंडल
कार की तलाशी लेने पर डिक्की में स्टेपनी के नीचे छिपाकर रखे गए गांजे के 60 बंडल मिले। इनका कुल वजन 60 किलोग्राम बताया गया है। पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार, एंड्रॉयड मोबाइल फोन और आरोपियों के पास से 300 तथा 550 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक सिंह (25) निवासी बहोरपुर, दोस्तपुर, सुल्तानपुर, अवधेश (20) निवासी सिरसिया, दुबौलिया, बस्ती और नौशाद (24) निवासी संग्रामपुर, छावनी, बस्ती के रूप में हुई है।
ओडिशा से गांजा लाकर सुल्तानपुर में बेचने की थी तैयारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा से सड़क मार्ग के जरिए गांजा लाते थे। इसके बाद इसे छोटे-छोटे पैकेटों में तैयार कर सुल्तानपुर और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस के मुताबिक, इस खेप को भी इसी उद्देश्य से ले जाया जा रहा था। हालांकि, तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गांजे की आपूर्ति के स्रोत के संबंध में आगे की जांच की जा रही है।
अभिषेक सिंह पर पहले से दर्ज हैं चार मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभिषेक सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ सुल्तानपुर जिले के करौंदीकलां थाने में वर्ष 2021 और 2022 के दौरान चार मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, हत्या के प्रयास, बलवा, धमकी और आयुध अधिनियम से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 667/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 और बीएनएस की धारा 109(1) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
इस कार्रवाई में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में स्थानीय पुलिस टीम के साथ एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष कुमार मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
