चंदन सिंह राजपूत बने निषाद पार्टी के प्रदेश सचिव, वाराणसी मंडल के सह-प्रभारी की भी मिली जिम्मेदारी
चंदौली। जिले के बरहनी विकासखंड अंतर्गत डेढ़गांवा गांव निवासी चंदन सिंह राजपूत को निषाद पार्टी में महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद तथा शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें उत्तर प्रदेश सचिव नियुक्त करने के साथ ही वाराणसी मंडल का सह-प्रभारी बनाया है। उनकी नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।
चंदन सिंह राजपूत इससे पहले पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष (क्षत्रिय प्रकोष्ठ) के पद पर कार्यरत थे। सेना में अपनी सेवाएं दे चुके राजपूत की संगठन के प्रति सक्रियता, निष्ठा और सामाजिक कार्यों में सहभागिता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है।
नियुक्ति की जानकारी मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर प्रसन्नता जाहिर की। कार्यक्रम के दौरान निषाद पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बिजेंद्र कुमार सिंह विशेन ने कहा कि चंदन सिंह राजपूत लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनकी कार्यशैली, पार्टी के प्रति समर्पण और सामाजिक गतिविधियों में योगदान को देखते हुए नेतृत्व ने उन्हें महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है।
वहीं, नई जिम्मेदारी मिलने पर चंदन सिंह राजपूत ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद, प्रदेश अध्यक्ष व्यास मुनि निषाद सहित शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नेतृत्व ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनके लिए यह नियुक्ति केवल एक पद नहीं, बल्कि संगठन और समाज के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसका निर्वहन वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ करेंगे।
चंदन सिंह राजपूत की नियुक्ति से उनके पैतृक गांव डेढ़गांवा सहित बरहनी क्षेत्र में समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है।

