चंदौली में गोवंश तस्करी का भंडाफोड़, सफारी समेत पांच तस्कर गिरफ्तार
चंदौली। जिले में गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा और चंदौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक टाटा सफारी स्ट्रोम वाहन में क्रूरतापूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे तीन गोवंश बरामद किए हैं। इनमें दो बछड़े और एक बछिया शामिल हैं। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी कब्जे में लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान चंदौली थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह ने मोबाइल फोन से सूचना दी कि ग्राम फेसुड़ा की ओर से एक सफारी वाहन में गोवंश लादकर दुधारी होते हुए मनराजपुर मार्ग के रास्ते बिहार ले जाए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही सैयदराजा पुलिस टीम मनराजपुर तिराहे पर पहुंचकर वाहनों की चेकिंग करने लगी। इसी बीच दुधारी की तरफ से आ रही टाटा सफारी स्ट्रोम (नंबर UP 42 AK 7000) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय सड़क किनारे कच्चे रास्ते से भागने का प्रयास किया, लेकिन गड्ढे में पहिया फंसने के कारण वाहन रुक गया। इसके बाद वाहन में सवार पांचों लोग अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिस टीम और पीछे से पहुंची चंदौली पुलिस ने घेराबंदी कर सभी पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बांधे गए तीन गोवंश मिले। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने गोवंशों को जौनपुर जिले के ग्राम सिरकोनी से लादकर वध के लिए बिहार ले जाने की बात स्वीकार की। उनके पास पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध अधिकार पत्र या मेडिकल प्रमाणपत्र भी नहीं मिला।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काजू उर्फ चन्द्रजीत यादव निवासी ग्राम ताला, थाना चोलापुर, वाराणसी, राजू यादव निवासी ग्राम कोटवा, थाना जलालपुर, जौनपुर, प्रदीप यादव निवासी ग्राम ताला, निर्भय यादव निवासी ग्राम नियारडीह और राहुल यादव निवासी ग्राम ताला, थाना चोलापुर, वाराणसी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में काजू उर्फ चन्द्रजीत यादव और राहुल यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनके विरुद्ध हत्या के प्रयास, हत्या, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।
इस मामले में थाना सैयदराजा में मु0अ0सं0 0339/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5/5ए/8 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक गोपाल जी तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी तथा चंदौली थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह, उपनिरीक्षक मारकण्डे सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
