×

फर्जी नंबर प्लेट के सहारे हो रही थी गांजा तस्करी, बिहार का युवक गिरफ्तार

फर्जी नंबर प्लेट के सहारे हो रही थी गांजा तस्करी, बिहार का युवक गिरफ्तार​​​​​​​
मुगलसराय पुलिस व एसओजी की संयुक्त कार्रवाई, करीब छह लाख रुपये का अवैध गांजा जब्त; तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू

चन्दौली। मुगलसराय कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगी रेनाल्ट डस्टर कार से 24.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से बिहार निवासी एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस, औद्योगिक नगर चौकी पुलिस एवं एसओजी टीम 6 जुलाई को पटनवा तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिर्जापुर की ओर से एक काले रंग की रेनाल्ट डस्टर कार में अवैध गांजा लादकर वाराणसी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस को देखकर चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को घेरकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर की मौजूदगी में कार की तलाशी लेने पर डिग्गी में रखे दो प्लास्टिक के बोरों से 24 बंडलों में पैक कुल 24 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

जांच के दौरान पुलिस ने ई-चालान ऐप और चेसिस नंबर के माध्यम से वाहन का सत्यापन किया। इसमें पता चला कि कार पर लगी नंबर प्लेट किसी अन्य वाहन की थी, जबकि वास्तविक चेसिस नंबर से वाहन का अलग पंजीकरण सामने आया। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने और पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहा था।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान उमाकान्त उर्फ हिमांशु पुत्र गोपाल प्रसाद चन्द्रवंशी, निवासी बंधन टोला आरा, थाना नवादा, जनपद भोजपुर (बिहार) के रूप में बताई। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह मिर्जापुर क्षेत्र से गांजा लाकर वाराणसी एवं आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने की योजना बना रहा था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली मुगलसराय में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

बरामदगी

  • 24 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा (24 बंडलों में)

  • फर्जी नंबर प्लेट लगी रेनाल्ट डस्टर कार

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share this story