चंदौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई! ₹25 हजार का इनामी गिरफ्तार, गो-तस्करी नेटवर्क का खुलासा...
चंदौली। जनपद में संगठित गो-तस्करी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹25 हजार के इनामी वांछित अभियुक्त अखिलेश कुमार को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है। जांच में अभियुक्त के बैंक खातों से करीब 2.5 करोड़ रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेन-देन का खुलासा हुआ है, जो कथित तौर पर अंतर्राज्यीय गो-तस्करी नेटवर्क से जुड़े हैं।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने सैयदराजा, कंदवा, अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस टीम के सहयोग से की। आरोपी को उसके मोबाइल एवं हार्डवेयर की दुकान से गिरफ्तार किया गया।
31 सदस्यीय संगठित गिरोह की जांच में आया नाम
पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2025 में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान सामने आया कि 31 सदस्यों का एक संगठित गिरोह अंतर्राज्यीय स्तर पर गो-तस्करी के कारोबार में सक्रिय है। जांच में यह भी पता चला कि इस नेटवर्क के बीच करीब 187 करोड़ रुपये का वित्तीय लेन-देन हुआ है।
विवेचना के दौरान जनवरी 2026 में अखिलेश कुमार का नाम प्रकाश में आया। जांच में सामने आया कि आरोपी बिना लाइसेंस के मोबाइल एवं हार्डवेयर की दुकान संचालित करता था और उसके बैंक खाते से कुल 4.77 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ।
2.5 करोड़ रुपये गो-तस्करी नेटवर्क को ट्रांसफर करने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने मोहम्मद अफजल, शेख सुल्तान, सोनू कुरैशी, पवन कुमार, अफजल समेत कई लोगों के खातों में करीब 2.5 करोड़ रुपये का लेन-देन किया, जो कथित तौर पर गो-तस्करी से संबंधित गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके बैंक खाते के माध्यम से संबंधित लोगों को धनराशि स्थानांतरित की जाती थी।
बिहार से हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अखिलेश कुमार (27 वर्ष) पुत्र सुभाष सिंह, निवासी खुरमाबाद, थाना चेनारी, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी पर पहले से ही ₹25 हजार का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में सैयदराजा थाना प्रभारी अशोक कुमार मिश्र, स्वाट टीम प्रभारी रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा, कंदवा थाना प्रभारी राजीव मल्ल, अलीनगर थाना के उपनिरीक्षक अनिल यादव, जलीलपुर चौकी प्रभारी अजय यादव सहित विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
