डीडीयू जंक्शन पर बड़ी कार्रवाई! कोलकाता मेल एक्सप्रेस से 28 लाख रुपये नकद बरामद, दो संदिग्ध आयकर विभाग के हवाले
चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) पर रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। जीआरपी, आरपीएफ और आरपीएफ-सीआईबी की संयुक्त टीम ने विशेष चेकिंग अभियान के दौरान कोलकाता मेल एक्सप्रेस के एस-3 कोच से 28 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। नकदी के साथ पकड़े गए दो संदिग्ध यात्रियों को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग के हवाले कर दिया गया है।
संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन, ट्रेनों और सर्कुलेटिंग एरिया में विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एस-3 कोच में दो संदिग्ध यात्रियों की तलाशी ली गई। जांच के दौरान उनके पिट्ठू बैग से 28 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान दोनों यात्री बरामद धनराशि से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कर आवश्यक अभिलेखीकरण किया गया।
पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान राहुल सोनी और पुष्प कुमार उसरेटे के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के जबलपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।
जीआरपी ने बरामद नकदी, बैग और दोनों संदिग्धों को आवश्यक कार्रवाई के बाद आयकर विभाग, वाराणसी के सुपुर्द कर दिया है। अब आयकर विभाग नकदी के स्रोत और उसके वैध होने की विस्तृत जांच करेगा।
जीआरपी इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे परिसर में सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। अब मामले में आगे की जांच आयकर विभाग द्वारा की जा रही है।
