×

चंदौली: बसंतपुर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की मांग तेज, लो वोल्टेज से परेशान किसानों को मिलेगी राहत?

चंदौली के बसंतपुर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने की मांग तेज हो गई है। ग्राम प्रधान पूजा सिंह ने बिजली विभाग को पत्र भेजा है। सर्वे पूरा होने के बाद ग्रामीणों ने जल्द स्वीकृति देने की मांग की है।

चंदौली। जनपद चंदौली के बरहनी विकास खंड अंतर्गत अरंगी ग्राम पंचायत में बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की मांग तेज कर दी है।

ग्राम प्रधान पूजा सिंह ने विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर बसंतपुर में नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे वर्षों पुरानी लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान होगा और किसानों को सिंचाई में राहत मिलेगी।

ग्राम प्रधान पूजा सिंह ने अपने पत्र में बताया कि बसंतपुर में सरकारी भूमि उपलब्ध है, जो वर्तमान में खाली पड़ी हुई है। इसी भूमि पर 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कराया जा सकता है।

ग्राम प्रधान पूजा सिंह ने विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर बसंतपुर में नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे वर्षों पुरानी लो वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान होगा और किसानों को सिंचाई में राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिससे किसानों के ट्यूबवेल और अन्य सिंचाई उपकरण सही तरीके से संचालित नहीं हो पा रहे हैं। इसका सीधा असर धान सहित अन्य फसलों की सिंचाई पर पड़ रहा है।

विधायक के प्रयास से हुआ स्थलीय सर्वे

प्रधान ने बताया कि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के प्रयास से बिजली विभाग की टीम ने बसंतपुर में प्रस्तावित उपकेंद्र के लिए सरकारी भूमि का स्थलीय निरीक्षण भी किया है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर भूमि की उपलब्धता और उपकेंद्र निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया।

आसपास के गांवों को भी मिलेगा लाभ

ग्रामीणों का कहना है कि यदि बसंतपुर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित हो जाता है तो अरंगी सहित आसपास के कई गांवों को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी।

इससे लो वोल्टेज की समस्या दूर होगी, किसानों को समय पर सिंचाई की सुविधा मिलेगी और घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों को भी राहत मिलेगी।

जल्द स्वीकृति की मांग

ग्रामीणों ने बिजली विभाग और शासन से मांग की है कि सर्वे प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपकेंद्र निर्माण को शीघ्र स्वीकृति दी जाए, ताकि क्षेत्र की वर्षों पुरानी बिजली समस्या का स्थायी समाधान हो सके।

Share this story