धानापुर में चोरी की घटनाओं से बढ़ी नाराजगी, खुलासे के लिए पीड़ित ने रखा 20 हजार का इनाम
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और पुलिस की ओर से अब तक खुलासा नहीं किए जाने से नाराज एक पीड़ित ने चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आवाजापुर गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह उर्फ मलिंगा ने कहा है कि जो भी चोरी का सामान और नकदी बरामद कराने में मदद करेगा, उसे 20 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, बीते 1 अक्टूबर 2026 की रात चोरों ने उनके घर को निशाना बनाया था। आरोप है कि रात में घर में घुसे चोरों ने उनकी मां पर कोई नशीला स्प्रे कर दिया, जिससे वह गहरी नींद में चली गईं। इसके बाद चोरों ने धर्मेंद्र के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, ताकि वह बाहर न निकल सकें। चोरों ने घर में रखी अलमारी का ताला तोड़कर 10 लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराई थी। इसके बावजूद अब तक न तो चोरी का खुलासा हो सका है और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। धर्मेंद्र ने आरोप लगाया कि मामले में संदिग्धों से भी प्रभावी पूछताछ नहीं की गई। उन्होंने लाइव भारत न्यूज़ से बातचीत में पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए कहा कि अब उन्हें पुलिस से न्याय मिलने की उम्मीद नहीं रह गई है। इसी वजह से उन्होंने चोरी का सामान और नकदी बरामद कराने वाले को 20 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
धानापुर क्षेत्र में चोरी की अन्य घटनाओं ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। आवाजापुर की घटना से एक दिन पहले बिरना गांव निवासी भानु प्रताप मौर्य के मकान में भी चोरी हुई थी। इस मामले में भी सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बावजूद अब तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका है और न ही सामान बरामद हुआ है।
इसके अलावा रमरजाय चट्टी स्थित कंपोजिट अंग्रेजी शराब और बीयर की दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया था। यहां से पेटी में रखी नकदी के साथ महंगी अंग्रेजी शराब और बीयर की बोतलें चोरी कर ली गई थीं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में असुरक्षा और नाराजगी का माहौल है। हालांकि, धानापुर पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़कर घटनाओं का खुलासा करने का भरोसा दिया है।
प्रधान संघ के अध्यक्ष राजेश सिंह ने भी क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताई है। उन्होंने चंदौली के पुलिस अधीक्षक से सभी मामलों का शीघ्र खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित कराने की मांग की है।
