त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन की पहल, धौरहरा में जरूरतमंदों के लिए लगा मोतियाबिंद शिविर
चंदौली। जनपद के सकलडीहा विकास खंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय धौरहरा-1 में स्व. मनीष श्रीवास्तव की स्मृति में निःशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन एवं आर.जे. शंकरा आई हॉस्पिटल, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को नेत्र चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई।

शिविर में वाराणसी विकास प्राधिकरण के मानद सदस्य अंबरीश सिंह भोला भी उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे जरूरतमंद मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें बेहतर उपचार के लिए प्रोत्साहित किया।

आयोजकों के अनुसार, यह शिविर संस्था के मासिक सेवा अभियान का हिस्सा है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों तक नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने और मोतियाबिंद से प्रभावित मरीजों को जांच एवं ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को समय पर आंखों की जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि दृष्टि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को राहत मिल सके।
