दीवार गिराने के मामले में कार्रवाई न होने का आरोप, पीड़ित ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
चंदौली। कंदवा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर अदसड़ गांव निवासी विजय कुमार ने मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मुलाकात कर न्याय दिलाने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब दो वर्ष पूर्व गांव के कुछ लोगों ने उनके मकान की पक्की दीवार गिरा दी थी, लेकिन शिकायत के बावजूद अब तक आरोपितों के खिलाफ न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही कोई प्रभावी कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में विजय कुमार ने बताया कि गांव में गली के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। इसी विवाद के चलते कुछ लोगों ने लामबंद होकर कुदाल और फावड़ा की मदद से उनके घर की पक्की दीवार गिरा दी। उनका कहना है कि आरोपितों की संख्या अधिक होने के कारण परिवार के लोग उनका विरोध नहीं कर सके।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की थी। उनके अनुसार, पुलिस अधीक्षक ने कंदवा थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई और मामले के निस्तारण के निर्देश दिए थे, लेकिन अब तक आरोपितों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के बजाय उनके परिवार पर शांत रहने का दबाव बनाया जा रहा है।
विजय कुमार ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
इस पर जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने पीड़ित को मामले की जांच कराकर नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया।
