×

चंदौली में राशन कार्ड जारी करने में फर्जीवाड़े का आरोप, एक गांव के नाम दूसरे ग्राम पंचायत में बने कार्ड

 चंदौली में राशन कार्ड जारी करने में फर्जीवाड़े का आरोप, एक गांव के नाम दूसरे ग्राम पंचायत में बने कार्ड

चंदौली। जिले के चहनियां विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नदेसर में राशन कार्ड जारी करने को लेकर बड़े फर्जीवाड़े का आरोप सामने आया है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कई लोगों के राशन कार्ड उनकी मूल ग्राम पंचायत के बजाय दूसरे गांव के नाम पर जारी कर दिए गए हैं। मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और संबंधित अधिकारियों व कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

शिकायतकर्ता बुल्लू यादव का आरोप है कि मारूफपुर के मूल निवासियों के नाम पर आधा दर्जन से अधिक राशन कार्ड नदेसर ग्राम पंचायत में जारी किए गए हैं। वहीं हुसेपुर के तीन निवासियों के राशन कार्ड भी मारूफपुर के नाम पर बनाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह पूरा मामला खाद्य एवं रसद विभाग में बड़े स्तर पर हुई अनियमितता की ओर इशारा करता है।

मामले में जब संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी अतुल यादव से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि जिन राशन कार्डों का उल्लेख किया जा रहा है, उनका उनके द्वारा कोई भौतिक सत्यापन नहीं किया गया और न ही संबंधित आवेदनों पर उनके हस्ताक्षर हैं।

ग्राम पंचायत के निवर्तमान प्रधान शिवकुमार यादव ने भी कहा कि जिन लोगों के नाम पर राशन कार्ड जारी होने की बात कही जा रही है, वे ग्राम सभा के मूल निवासी नहीं हैं और वे व्यक्तिगत रूप से भी उन्हें नहीं जानते। उन्होंने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह पूरा खेल कोटेदार, सप्लाई इंस्पेक्टर और कार्यालय में कार्यरत कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से किया गया है। उनका कहना है कि बिना सत्यापन और स्थानीय स्तर की अनुमति के राशन कार्ड जारी किए गए हैं, जिससे पात्र लाभार्थियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों ने मांग की है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कोटेदार का लाइसेंस तत्काल निरस्त किया जाए तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी वासुदेव तिवारी ने कहा कि यदि शिकायतकर्ता द्वारा दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध कराए गए हैं तो पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story