अलीनगर पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई महेवा नहर हत्याकांड की गुत्थी, पत्नी, प्रेमी और उसके साथी गिरफ्तार
चंदौली। अलीनगर थाना पुलिस ने महेवा नहर के पास हुए चर्चित हत्याकांड का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की हत्या सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी, जिसमें उसकी पत्नी, उसका प्रेमी और प्रेमी का एक साथी शामिल था।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक पति प्रेम-प्रसंग में बाधा बन रहा था। इसी वजह से पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत मृतक को जमीन दिखाने के बहाने महेवा नहर के पास बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद आरोपियों ने चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सुरागों के आधार पर तेजी से जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान मृतक की पत्नी की संदिग्ध भूमिका सामने आई, जिसके बाद पूरे हत्याकांड का खुलासा हो गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू (आला कत्ल) तथा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अलीनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का सफल अनावरण किया। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या की साजिश में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
