काली माता मंदिर हादसा! पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, मुआवजा और सरकारी नौकरी की उठाई मांग
चंदौली। मुगलसराय में काली माता मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान हुए हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिक स्वर्गीय बलदेव यादव के परिजनों से सोमवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने मुलाकात की। उन्होंने डांडी (पड़ाव) स्थित आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अजय राय ने कहा कि मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले एक श्रमिक की इस तरह हादसे में मौत बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और घटना की जिम्मेदारी तय करते हुए सरकार को तत्काल प्रभाव से उचित एवं सम्मानजनक मुआवजा देना चाहिए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य सरकार से मांग की कि मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए, ताकि परिवार का भविष्य सुरक्षित हो सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपस्थित नेताओं ने दिवंगत बलदेव यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने का भरोसा दिया।
