दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, विनायक स्वीट हाउस का लाइसेंस निलंबित
चंदौली। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले में जांच अभियान तेज कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर विभागीय टीमें विभिन्न कस्बों में मिठाई की दुकानों और खाद्य पदार्थों के निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चहनिया और पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में छापेमारी की।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने चहनिया कस्बे स्थित आर्य स्वीट हाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान से बर्फी और चाट के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए। टीम ने मिठाई निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया और संचालक को साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

वहीं, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के कैलाशपुरी स्थित विनायक स्वीट हाउस की निर्माण इकाई में राज्य सचल दल की अंतर्जनपदीय टीम ने जांच की। निरीक्षण के दौरान परिसर में अत्यधिक गंदगी और स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां पाई गईं। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए टीम ने प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की। इसके बाद सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) धीरेंद्र प्रताप सिंह ने विनायक स्वीट हाउस का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
अभियान के दौरान नगर की अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया। जहां कमियां मिलीं, वहां संचालकों को सुधार नोटिस जारी किए गए। सहायक आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि त्योहार के दौरान आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच के लिए भेजे गए नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी करने वाली टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव और अरविंद कुमार शामिल रहे।
