सकलडीहा मारपीट मामले में अधिवक्ताओं का अल्टीमेटम, गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
चंदौली। सकलडीहा कचहरी में हुई मारपीट के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मॉल बाबू शाकिब अंसारी की अब तक गिरफ्तारी न होने से अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन ने जिला प्रशासन को दो दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो सोमवार से जिलेभर में उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।
सदर कचहरी स्थित डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि मारपीट के पीड़ित अधिवक्ता पर ही फर्जी मुकदमा दर्ज कर वास्तविक आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा कि यदि दो दिनों के भीतर आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो अधिवक्ता व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में न्यायिक कार्य भी प्रभावित हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
अधिवक्ताओं ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।
