×

चंधासी पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से अधिवक्ता गंभीर घायल, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

चंधासी पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से अधिवक्ता गंभीर घायल, ट्रॉमा सेंटर में भर्ती

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चंधासी पुलिस चौकी के समीप गुरुवार को तेज रफ्तार वैगनार कार की टक्कर से एक अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल की पहचान विजय चौहान (40 वर्ष) निवासी चंधासी गांव के रूप में हुई है। वह पेशे से अधिवक्ता हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार को वह दुलहीपुर स्थित अपने ससुराल से बाइक से अपने घर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही विजय चौहान चंधासी पुलिस चौकी के पास सड़क पार कर रहे थे, उसी दौरान मुगलसराय से वाराणसी की ओर जा रही तेज रफ्तार वैगनार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा। वहीं पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और उसके चालक को कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचा दिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Share this story