×

चंदौली में प्रशासनिक कामकाज होगा डिजिटल, जनशिकायतों के निस्तारण पर रहेगा विशेष जोर

चंदौली में प्रशासनिक कामकाज होगा डिजिटल, जनशिकायतों के निस्तारण पर रहेगा विशेष जोर

चंदौली। जिले के नवागत जिलाधिकारी ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी प्राथमिकताओं और विकास संबंधी विजन को स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति को न्याय दिलाना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। इसके लिए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि आम आदमी को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा कि वे जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करें। किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों की नियमित निगरानी भी की जाएगी।

उन्होंने जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची के शुद्धिकरण और अद्यतन को लेकर विशेष अभियान चलाने की बात कही। अभियान के तहत पहली बार मतदाता बनने की पात्रता रखने वाले युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा। इसके लिए स्कूल-कॉलेजों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। युवक मंगल दल, एनसीसी, एनएसएस और माय भारत के स्वयंसेवकों का सहयोग लेकर अधिक से अधिक युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

इसके साथ ही शादी के बाद दूसरे बूथ या क्षेत्र में स्थानांतरित हुई महिलाओं को भी मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र महिला मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। प्रशासन का प्रयास होगा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन और स्थानांतरण की प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाया जाए।

जिले की पहचान और कृषि उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए नवागत डीएम ने काला नमक चावल की ब्रांडिंग और बिक्री बढ़ाने की दिशा में भी पहल करने की बात कही। उन्होंने कहा कि चंदौली के विशिष्ट काला नमक चावल को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, उसकी पहचान मजबूत करने और किसानों को अधिक लाभ दिलाने के लिए संभावनाओं पर काम किया जाएगा।

प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए ई-ऑफिस, डिजिटलाइजेशन तथा लंबित पत्रावलियों के त्वरित निस्तारण पर भी जोर रहेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे कि सरकारी कामकाज में तकनीक का अधिकतम उपयोग करें और लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से न लटकाएं।

नवागत जिलाधिकारी ने जनगणना की तैयारियों, विकास परियोजनाओं की प्रगति, विभागीय समन्वय और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किया है। उनका लक्ष्य जिले में पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित करना है, जिससे विकास कार्यों को गति मिलने के साथ आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं और त्वरित न्याय मिल सके।

Share this story