नमो घाट एयर शो को लेकर प्रशासन अलर्ट, गंगा तटीय क्षेत्रों में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का लिया जायजा
चंदौली। नमो घाट के समीप प्रस्तावित भव्य एयर शो को लेकर प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कटेसर बधवा, डोमरी, बहादुरपुर समेत गंगा तटीय क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और आमजन के आवागमन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नमो घाट और आयोजन स्थल की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान वीआईपी और आम लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न हो। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भीड़ के मद्देनजर यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को प्रभावी रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लागू करने के निर्देश दिए। प्रमुख चौराहों, संपर्क मार्गों और घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, वाहनों के सुचारु संचालन और पार्किंग के लिए चिन्हित स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि एयर शो के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करने और आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, अधिशासी अभियंता (प्रांतीय खंड) राजेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश कुमार, एसडीएम पीडीडीयू नगर, अधिशासी अधिकारी, ट्रैफिक इंस्पेक्टर सहित सिविल एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
