चंदौली में जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन सक्रिय, नागरिकों से स्व-गणना करने की अपील
चंदौली। जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए चंदौली प्रशासन ने जिले में व्यापक जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने जनपदवासियों से स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि डिजिटल जनगणना से जुड़कर नागरिक देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा पहली बार नागरिकों को स्वयं अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन जनगणना करने की सुविधा दी गई है। इससे जनगणना प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होगी। प्रशासन द्वारा जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को डिजिटल जनगणना के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि स्व-गणना की प्रक्रिया 21 मई 2026 तक जारी रहेगी। इच्छुक नागरिक जनगणना पोर्टल se.census.gov.in पर मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक दल घर-घर पहुंचकर मकान सूचीकरण एवं गणना का कार्य करेंगे।
डीएम चन्द्र मोहन गर्ग ने युवाओं, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने परिवार, पड़ोस और गांवों में लोगों को जागरूक करें ताकि अधिक से अधिक लोग स्व-गणना अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं बल्कि देश की विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के निर्माण में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही जनगणना 2027 को सफल बनाया जा सकता है और इससे जिले के विकास को नई गति मिलेगी।
