×

किसानों की शिकायतों पर एक्शन, विधायक सुशील सिंह ने मौके पर दिए समाधान के निर्देश

किसानों की शिकायतों पर एक्शन, विधायक सुशील सिंह ने मौके पर दिए समाधान के निर्देश
 चन्द्रप्रभा नहर प्रणाली का विधायक सुशील सिंह ने किया निरीक्षण, किसानों की समस्याएं सुनीं

चन्दौली। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने बुधवार को किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चन्द्रप्रभा नहर प्रणाली के अंतर्गत असना टेल एवं जलालपुर माइनर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नहरों की स्थिति का जायजा लेते हुए सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने नहर में पानी की उपलब्धता, जल प्रवाह की स्थिति, नहर पटरी तथा रजबहों की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नहरों में जमा गाद, जलकुंभी एवं अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए, ताकि टेल क्षेत्र तक बिना किसी बाधा के पानी पहुंच सके।

किसानों की शिकायतों पर एक्शन, विधायक सुशील सिंह ने मौके पर दिए समाधान के निर्देश

इस अवसर पर विधायक ने खेतों में कार्य कर रहे किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। किसानों ने पानी के रोटेशन में अनियमितता, समय से सिंचाई जल न मिलने तथा कुछ स्थानों पर कटान की समस्या से अवगत कराया। विधायक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर मौजूद सिंचाई विभाग के अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और उसकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की प्राथमिकता है। किसी भी किसान को सिंचाई के लिए परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करे।

निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग के एसडीओ, जेई, अवर अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि नहरों की नियमित सफाई, आवश्यक मरम्मत तथा रोटेशन प्रणाली का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाएगा।

विधायक सुशील सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में चन्द्रप्रभा परियोजना क्षेत्र के प्रत्येक किसान तक समय पर सिंचाई जल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए नहर प्रणाली की नियमित निगरानी और निरीक्षण लगातार जारी रहेगा।

वहीं, किसानों ने विधायक के निरीक्षण और त्वरित कार्रवाई के आश्वासन की सराहना करते हुए सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग देने का भरोसा जताया।

Share this story