रुपयों के लेन-देन के विवाद में फावड़े से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, सैयदराजा पुलिस ने दबोचा
चन्दौली। रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति पर धारदार हथियार (फावड़े) से जानलेवा हमला करने के मामले में सैयदराजा पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी रणविजय उर्फ विजय को 22 नवंबर को सकलडीहा रोड स्थित मां काली बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान से गिरफ्तार किया। आरोपी मनराजपुर गांव का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, मनराजपुर गांव निवासी हरिदास यादव की गांव में पान-गुटखा की दुकान है। आरोप है कि 21 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे गांव के ही विशाल यादव ने दुकान पर उधार गुटखा मांगा। पहले का बकाया भुगतान नहीं होने के कारण हरिदास ने उधार देने से इनकार कर दिया, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई।
आरोप है कि इसके बाद सुबह करीब 8 बजे जब हरिदास साइकिल से बाजार सामान खरीदने जा रहे थे, तभी रास्ते में विजय, विशाल और उनके पिता कन्हैया यादव ने उन्हें रोक लिया। तीनों ने कथित तौर पर लाठी-डंडे और लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान हरिदास की साइकिल और बैग में रखे करीब 25 से 30 हजार रुपये छीनने तथा जान से मारने की नीयत से फावड़े से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पीड़ित की तहरीर पर सैयदराजा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0343/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3), 109 और 309(6) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में वांछित चल रहे रणविजय उर्फ विजय को मुखबिर की सूचना पर 22 नवंबर को शाम 4:30 बजे डगरिया सरकार मंदिर के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप स्थित मां काली बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम: गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, उपनिरीक्षक गोपाल जी तिवारी, कांस्टेबल राबिन्स विश्वकर्मा और कांस्टेबल अंकित यादव शामिल रहे।
