×

दोस्त को स्टेशन छोड़कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली

दोस्त को स्टेशन छोड़कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली
 

चंदौली। चंदौली जिले के धानापुर-सकलडीहा मुख्य मार्ग पर गुरेहूं गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब युवक अपने दोस्त को रेलवे स्टेशन छोड़कर देर रात बाइक से घर लौट रहा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार बभनियाव गांव निवासी 28 वर्षीय गोविंद कुमार अपने एक दोस्त को डीडीयू नगर रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। वापस लौटते समय गुरेहूं गांव के समीप उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ताल में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल गोविंद कुमार को ताल से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बहन की शादी के बाद घर में पसरा मातम

बताया जा रहा है कि 18 मई को ही गोविंद कुमार की बहन की शादी संपन्न हुई थी। परिवार में शादी की खुशियां अभी खत्म भी नहीं हुई थीं कि इस हादसे ने पूरे घर को गम में डुबो दिया। गोविंद अपने दोस्त को स्टेशन छोड़ने गए थे, जो शादी समारोह में शामिल होने आया था।

मृतक के परिवार में दो भाई और तीन बहनें हैं। जवान बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों के अनुसार गोविंद कुमार बेहद मिलनसार और व्यवहार कुशल युवक थे, जिससे क्षेत्र में हर कोई उन्हें पसंद करता था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।

Share this story