धानापुर में श्रीराम कथा को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
चंदौली। जिले के धानापुर कस्बे के विजयदशमी पोखरा पर आयोजित होने वाली श्रीराम कथा के शुभारंभ से पहले नरौली गंगा घाट से भव्य कलश यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवतियां और बच्चे शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज के श्रीमुख से होने वाली इस श्रीराम कथा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। चंदौली जनपद में राजन जी महाराज का यह पहला कार्यक्रम बताया जा रहा है।
कलश यात्रा में सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह अपनी-अपनी पत्नी के साथ शामिल हुए। विधायक सुशील सिंह की पत्नी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष किरण सिंह तथा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह की पत्नी मीरा सिंह ने भी महिलाओं के साथ कलश यात्रा में सहभागिता की। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी से आयोजन का उत्साह और बढ़ गया।
आयोजित कार्यक्रम के तहत दोपहर दो बजे से विजयदशमी पोखरा परिसर में श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। कथा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही हैं। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए कुर्सियों, पेयजल और वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि कथा सुनने पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

आयोजन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। कलश यात्रा के मार्ग पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, वहीं साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए एक सप्ताह पहले से ही ब्लॉक के सफाईकर्मियों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। प्रशासन और आयोजन से जुड़े लोगों की ओर से व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कलश यात्रा में सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के साथ ही चंदौली जनपद और पूर्वांचल के विभिन्न इलाकों से श्रद्धालुओं के शामिल होने की बात कही जा रही है। धार्मिक आयोजन को लेकर महिलाओं और युवतियों में खासा उत्साह नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं को अब राजन जी महाराज की श्रीराम कथा का इंतजार है, जिसके माध्यम से उन्हें भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और मर्यादा से जुड़े प्रसंगों को सुनने का अवसर मिलेगा।
