×

चन्दौली में किसान के घर पर दबंगों का हमला, बुजुर्ग दम्पति सहित चार घायल, हालत गंभीर देख जिला अस्पताल में किया रेफर

चन्दौली में किसान के घर पर दबंगों का हमला, बुजुर्ग दम्पति सहित चार घायल, हालत गंभीर देख जिला अस्पताल में किया रेफर

चंदौली जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र के सवैया महलवार गांव में शुक्रवार को दबंगों का कहर किसान परिवार पर टूट गया। आधा दर्जन से अधिक लामबंद दबंगों ने किसान परिवार के लोगों को लाठी डंडे से प्रहार करके घायल कर दिया।

घटना में बुजुर्ग दंपति सहित चार लोग घायल हुए हैं। जिनकी हालत गंभीर होने पर शहाबगंज पीएचसी से रेफर करके जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में जांच में जुटी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही है।

जानकारी के अनुसार सवैया महलवार गांव निवासी श्रवण कुमार तिवारी अपने परिवार के साथ घर में बैठे हुए थे। तभी अचानक आधा दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी डंडा लेकर उनके घर पर हमला कर दिया।

घटना में श्रवण कुमार तिवारी(50),  तारकेश्वर तिवारी(78), निर्मला देवी(75) और विवेक तिवारी(25) को गंभीर चोटे आई। पीड़ित श्रवण तिवारी ने बताया कि विपक्ष के लोगों के परिवार की एक लड़की की शादी तय थी। परन्तु लड़का पक्ष के द्वारा अचानक शादी करने से इनकार कर दिया गया। इसी बात को लेकर विपक्ष के लोग खुन्नस खाए थे। लोगों को आशंका थी कि हम लोगों ने जानबूझकर उनके परिवार की शिकायत की है।  

इसी बात को लेकर लोग कई दिनों से झगड़ा फसाद करने के लिए आमादा थे। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, परन्तु पुलिस को लिखित तहरीर देने के बाद पुलिस के द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

फिरहाल घायलों की हालत गंभीर देख उन्हें शहाबगंज से जिला मुख्यालय स्थित कमलापति राजकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। यहां बुजुर्ग दंपत्ति की हालत चिंताजनक बनी हुई है। शहाबगंज के थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रह है। जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज होगा।

Share this story