चंदौली में छात्रों के विवाद सुलझाने गए युवक पर धारदार चाकू से हमला, शरीर मे 11 जगह पर किया वार, हालत गंभीर

चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के स्थानीय कस्बा स्थित अशोक इंटर कॉलेज के बाहर बुधवार को दो छात्रों मे किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसे सुलझाने पहुंचे युवक पर दूसरे छात्र गुट ने चाकू से हमला कर दिया। घटना से स्कूल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
लहूलुहान युवक को स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने हालत चिंताजनक देख प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद से बबुरी पुलिस जांच में जुटी है।
अशोक इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले दो छात्रों के बीच पिछले कई दिनों से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बुधवार को अशोक इंटर कॉलेज के बाहर दोनों छात्र आपस में मारपीट करने लगे। मारपीट की सूचना पर एक छात्र के चाचा संजय कुमार सुलह समझौता कराने अशोक इंटर कॉलेज के पास पहुंच गए। तभी दूसरे छात्र गुट ने गुस्से में आकर संजय के ऊपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद कॉलेज के बाहर भगदड़ की स्थिति बन गई। हालांकि स्थानीय लोगों ने घायल को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सक ने संजय को वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ. अजय वर्मा ने बताया कि इस घटना में घायल संजय मौर्य के शरीर पर 10 से ज्यादा बार ताबड़तोड़ हमला किया गया था। मौके पर जुटे आसपास के लोगों ने तत्काल उनको जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने उनकी हालत चिंताजनक के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। बबुरी थानाध्यक्ष अतुल कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी हुई है।