चन्दौली में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, एसपी आकाश पटेल ने किया ध्वजारोहण
चन्दौली। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन एवं कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों को देश, संविधान और कर्तव्य के प्रति निष्ठा के साथ कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
ध्वजारोहण के बाद पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने, गुलामी की मानसिकता से मुक्त होने, देश की समृद्ध विरासत पर गर्व करने तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता को मजबूत करने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदान किए गए प्रशंसा चिह्न एवं सराहनीय सेवा पदक से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। सम्मानित पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदत्त प्रशंसा चिह्न से सम्मानित:
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर (IPS)
सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित:
उपनिरीक्षक ना.पु. अतुल कुमार
मुख्य आरक्षी स.पु. गोविन्द सिंह
इसके अलावा यूपी-112 में तैनात आठ पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के समापन पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया।
एसपी ने जनपदवासियों को दी शुभकामनाएं
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस परिवार के प्रत्येक सदस्य के साथ-साथ चन्दौली के समस्त जनपदवासियों और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और विकास को मजबूत करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया। पुलिसकर्मियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया तथा एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
