×

चन्दौली में नशीली दवाओं की तस्करी पर बड़ा प्रहार, 720 लीटर कफ सिरप जब्त

चन्दौली में नशीली दवाओं की तस्करी पर बड़ा प्रहार, 720 लीटर कफ सिरप जब्त

चन्दौली। जनपद में अवैध मादक पदार्थ एवं नशीली दवाओं की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लावारिस ट्रक से 720 लीटर अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट एवं औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में थाना अलीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक संदिग्ध ट्रक लावारिस हालत में खड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने वाहन संख्या यूपी-74-वाई-4726 की तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में रखी 20 बोरियों मुर्गी के दाने के नीचे छिपाकर रखी गई 36 बोरियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 72 पेटियों में 7,200 शीशी (720 लीटर) कोडीन युक्त कफ सिरप मिली।

बरामद कफ सिरप में 3,600 शीशी (360 लीटर) "फेयरडिल न्यू" तथा 3,600 शीशी (360 लीटर) "एस्कफ" ब्रांड की कोडीन युक्त कफ सिरप शामिल है। मौके पर ड्रग इंस्पेक्टर चन्द्रेश कुमार द्विवेदी को बुलाकर नियमानुसार परीक्षण कराया गया तथा नमूने जांच के लिए जन विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजे गए। ट्रक के केबिन से एक जीपीएस डिवाइस (फ्लीटएक्स) एवं सिम भी बरामद किया गया।

पुलिस ने इस मामले में थाना अलीनगर पर मु0अ0सं0 0458/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट तथा 18ए, 28, 18सी एवं 27बी औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार ट्रक का पंजीकृत स्वामी राहुल कुमार पुत्र जमादार सिंह निवासी नासूपुर सजेती, पोस्ट मण्डई, जनपद फिरोजाबाद है। मामले में फारवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान होने पर उनके विरुद्ध भी कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share this story