धानापुर में 20 अक्टूबर से सजेगा श्रीराम कथा का दरबार, 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद
चंदौली। धानापुर कस्बे में 20 से 24 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन स्थल विजयदशमी पोखरा पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आयोजकों को उम्मीद है कि कथा में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल होंगे।
विधायक सुशील सिंह ने बताया कि 20 अक्टूबर को सुबह नौ बजे नरौली गंगा घाट से स्नान के बाद पैदल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद जलाभिषेक के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। इस दौरान पीले वस्त्र धारण किए रामभक्त शामिल होंगे। कथा में पूज्य राजन जी महाराज श्रद्धालुओं को प्रवचन सुनाएंगे।
आयोजन को भव्य बनाने के लिए ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह कई दिनों से तैयारियों में जुटे हैं। विजयदशमी पोखरा का सौंदर्यीकरण कराया गया है। यहां पिछले दो वर्षों से निर्माण कार्य चल रहा था। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए बैठने और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही गांव-गांव संपर्क कर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जा रही है। वाहनों की पार्किंग और पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने की भी तैयारी है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों के साथ वॉलंटियर भी तैनात रहेंगे, ताकि कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान अन्नू सिंह, विमल सिंह दादा, गोपाल बिंद, प्रधान रामजी कुशवाहा और प्रधान विनोद बिंद समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
