गंगा उफान की ओर, चंदौली में प्रशासन ने संभाला मोर्चा, 40 बाढ़ चौकियां स्थापित
चंदौली। गंगा नदी के जलस्तर में धीरे-धीरे हो रही वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ की संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में 40 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
प्रशासन ने संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। तटवर्ती इलाकों में जलस्तर और परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि फिलहाल जिले में बाढ़ जैसी स्थिति नहीं बनी है, लेकिन गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एहतियातन सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि गंगा का जलस्तर करीब 67.5 मीटर के आसपास पहुंच गया है। प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जलस्तर में और वृद्धि होने पर तटवर्ती क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जाएगा। एनडीआरएफ की टीम सहित संबंधित विभागों को भी पूरी तरह मुस्तैद रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को त्वरित सहायता मिल सके।
प्रशासन ने तटवर्ती क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी तरह की आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। साथ ही नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से नदी के किनारे जाने से बचने की अपील की गई है।
