चंदौली में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत मनाया गया कन्या जन्मोत्सव, 31 नवजात बच्चियों को मिली बेबी किट
चंदौली। महिला कल्याण विभाग की ओर से 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' अभियान के अंतर्गत शनिवार को एमसीएच (MCH) विंग, चंदौली में भव्य कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान एसएनसीयू, पीएनसी और एलआईसीयू वार्ड में भर्ती 31 नवजात बच्चियों का जन्मोत्सव मनाते हुए उन्हें बेबी किट और टॉवल वितरित किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना और बालिका शिक्षा एवं सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने नवजात बच्चियों के अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की दी गई जानकारी
कार्यक्रम में अभिभावकों को बताया गया कि पात्र परिवार अपनी नवजात बालिका का मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत आवेदन कर आर्थिक सहायता का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारियों ने आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी जानकारी साझा की, ताकि अधिक से अधिक परिवार इस योजना का लाभ उठा सकें।

हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया गया जागरूक
महिला एवं बाल सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को 1090, 181 और 1098 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में इन सेवाओं का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर एमसीएच विंग के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.सी. सिंह, जिला मिशन को-ऑर्डिनेटर रागिनी सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट पुष्पा कुशवाहा, सोशल साइको काउंसलर अलका कुमारी, चाइल्डलाइन प्रतिनिधि सोनी विश्व, पीएनसी वार्ड की इंचार्ज सोनम यादव सहित महिला कल्याण विभाग और अस्पताल के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
महिला कल्याण विभाग ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाने की प्रेरणा देते हैं, बल्कि समाज में 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
