×

चंदौली में शराब तस्करी का खुलासा, लकड़ी के बुरादे के नीचे छिपी मिली 1,185 पेटी शराब

चंदौली में शराब तस्करी का खुलासा, लकड़ी के बुरादे के नीचे छिपी मिली 1,185 पेटी शराब

चंदौली। अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक की तलाशी लेकर 1,185 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के मुताबिक बरामद शराब की कुल मात्रा 10,451.52 लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि NH-19 हाईवे की उत्तरी लेन पर काले शाह बाबा की मजार के पास संदिग्ध वाहनों की आवाजाही हो रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान चंदौली की तरफ से आ रहे ट्रक संख्या MH 18 BZ 7720 को रोककर जांच की गई।

पुलिस का कहना है कि ट्रक रुकने के बाद चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शेरा राम, निवासी राजस्थान के रूप में हुई है।

CHANDAULI

लकड़ी के बुरादे के नीचे छिपाकर रखी थी शराब

ट्रक की तलाशी के दौरान पुलिस को ऊपर से पीली प्लास्टिक की बोरियां दिखाई दीं। जब इन बोरियों को हटाकर गहन तलाशी ली गई तो उनके नीचे लकड़ी के बुरादे के बीच छिपाकर रखी गई शराब बरामद हुई।

पुलिस के मुताबिक ट्रक से अलग-अलग ब्रांड की कुल 1,185 पेटी अंग्रेजी शराब मिली। बरामदगी के बाद शराब और ट्रक को कब्जे में ले लिया गया।

हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी शराब

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि शराब हरियाणा के पानीपत के पास से लोड की गई थी और उसे बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। पुलिस के मुताबिक तस्करों ने शराब को पुलिस की नजर से बचाने के लिए लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाया था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस अब इस अवैध शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक चंदौली विक्रम दहिया ने बताया कि अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

Share this story