×

चंदौली में सपा नेताओं पर बड़ी कार्रवाई! मनोज सिंह डब्लू समेत 250 अज्ञात समर्थकों पर FIR, दंगा भड़काने सहित 9 गंभीर धाराएं लगीं

चंदौली में सपा नेताओं पर बड़ी कार्रवाई! मनोज सिंह डब्लू समेत 250 अज्ञात समर्थकों पर FIR, दंगा भड़काने सहित 9 गंभीर धाराएं लगीं

 

चंदौली। जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर जिला मुख्यालय पर आयोजित समाजवादी पार्टी के धरना-प्रदर्शन के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह 'डब्लू', सपा प्रवक्ता मनोज सिंह काका समेत 9 नामजद और लगभग 250 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों पर दंगा भड़काने, शांति व्यवस्था भंग करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित कुल 9 गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार समाजवादी पार्टी ने स्मार्ट मीटर, बढ़े हुए बिजली बिल, गंगा कटान, नहरों में पानी की उपलब्धता और जल जीवन मिशन कर्मियों के मानदेय समेत कई मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया था। पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, किसान और समर्थक शामिल हुए थे।

प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। ज्ञापन सौंपने के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ समय के लिए धक्का-मुक्की तथा बहस की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। हालांकि बाद में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और पार्टी नेताओं के हस्तक्षेप से मामला शांत करा लिया गया।

धरने में शामिल नेताओं ने आरोप लगाया था कि सरकार किसानों और आम जनता से जुड़े बुनियादी मुद्दों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेने, बढ़े हुए बिजली बिलों में राहत देने, गंगा कटान से प्रभावित क्षेत्रों के लिए ठोस योजना बनाने तथा नहरों में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग उठाई थी।

पुलिस की ओर से दर्ज की गई एफआईआर के बाद जिले की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताते हुए प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं, जबकि प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था प्रभावित करने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वीडियो फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share this story