×

बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर केस, 50 हजार का इनामी बदमाश जीतू सैनी एनकाउंटर में ढेर

बुलंदशहर ट्रिपल मर्डर केस, 50 हजार का इनामी बदमाश जीतू सैनी एनकाउंटर में ढेर
जन्मदिन की पार्टी बनी मौत का कारण
 

बुलंदशहर में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुख्य आरोपी और 50,000 रुपये का इनामी बदमाश जीतू सैनी को गुरुवार सुबह मुठभेड़ में मार गिराया गया। यह एनकाउंटर कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र में स्वाट टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुआ।

जन्मदिन की पार्टी बनी मौत का कारण

इस खौफनाक वारदात की शुरुआत 25 अप्रैल की रात हुई थी। खुर्जा के सुभाष रोड स्थित एक जिम में जीतू सैनी अपना जन्मदिन मना रहा था। पार्टी के दौरान दोस्तों ने मजाक में उसके चेहरे पर केक लगा दिया, जिससे विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया।

आरोप है कि गुस्से में आकर जीतू सैनी ने पिस्तौल मंगवाई और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस गोलीकांड में मनीष सैनी, अमरदीप सैनी और आकाश सैनी की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

 

मुठभेड़ में हुआ अंत

घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था और पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। 30 अप्रैल को सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से पुलिस ने स्कूटी, 32 बोर की पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिसकर्मी भी हुए घायल

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की फायरिंग में एक इंस्पेक्टर और एक हेड कांस्टेबल घायल हो गए। दोनों का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार बदमाशों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां चलाईं।

अब तक 5 आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this story