राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला! 79 लाख रुपये बरामद, सभी 8 आरोपी जेल भेजे गए, SIT जांच के बाद हुई बड़ी कार्रवाई
अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और धन चोरी के मामले में जांच तेज हो गई है। पुलिस ने इस मामले में गिरफ्तार किए गए सभी 8 आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय फैजाबाद में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें 29 जून तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिस अब तक 79 लाख 85 हजार 493 रुपये बरामद कर चुकी है। जांच में सरकारी कर्मचारियों और SBI के पांच से छह कर्मियों की कथित भूमिका भी सामने आने की बात कही जा रही है।
23 जून को SIT ने सौंपी रिपोर्ट, दो दिन बाद हुई गिरफ्तारी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया था। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 जून को विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। SIT ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद को सौंपी। रिपोर्ट मिलने के दो दिन बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंदिर से जुड़े 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने दिया इस्तीफा
मामले के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। चंपत राय मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था की प्रमुख जिम्मेदारी संभाल रहे थे, जबकि डॉ. अनिल मिश्रा और ट्रस्टी गोपाल राव भी मंदिर प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे।
पहली FIR में बड़े पदाधिकारियों का नाम नहीं
गुरुवार देर शाम ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर पहली एफआईआर दर्ज की गई। एफआईआर में चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा सहित ट्रस्ट के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के नाम शामिल नहीं हैं। इसके बाद देर रात पुलिस ने रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया।
ये हैं गिरफ्तार किए गए आठ आरोपी
-
टिन्नू यादव (रामशंकर यादव)
-
अनुकल्प मिश्र
-
लवकुश मिश्र
-
मनीष यादव
-
करुणेश पांडेय
-
रमाशंकर मिश्र
-
अविनाश शुक्ल
-
सुभाष श्रीवास्तव
कोर्ट में पेशी के बाद भेजे गए जेल
शुक्रवार को सभी आरोपियों का पुलिस लाइन स्थित अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें जिला एवं सत्र न्यायालय फैजाबाद में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजीएम) के समक्ष पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने सभी आरोपियों को 29 जून तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
79 लाख से अधिक की बरामदगी, एक आरोपी से नकदी नहीं मिली
अभियोजन अधिकारी के अनुसार आरोपियों के पास से कुल 79,85,493 रुपये बरामद किए गए हैं। हालांकि आरोपी सुभाष श्रीवास्तव के पास से नकदी नहीं मिली, लेकिन जांच में उसे कथित साजिश का हिस्सा बताया गया है। अन्य आरोपियों से अलग-अलग रकम बरामद की गई है।
SBI कर्मियों समेत कई लोगों की भूमिका की जांच
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस पूरे प्रकरण में सरकारी कर्मचारी, सरकार से वेतन पाने वाले अन्य लोग तथा SBI के पांच से छह कर्मचारी भी जांच के दायरे में हैं। पुलिस और SIT अब पूरे वित्तीय लेन-देन तथा कथित नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
प्रेस नोट जारी न होने पर उठे सवाल
इतनी बड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी के बावजूद पुलिस की ओर से विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी नहीं किए जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
सोमवार को फिर होगी कोर्ट में पेशी
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से संबंधित विशेष अदालत का कामकाज अवकाश के कारण नहीं हो सका। ऐसे में अदालत ने आरोपियों को सोमवार तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। सोमवार को मामले में आगे की सुनवाई होगी।
