×

Ayodhya News: राम मंदिर विवाद पर मुख्यमंत्री योगी का बड़ा बयान, बोले- SIT करेगी निष्पक्ष जांच, दोषी कोई भी हो नहीं बचेगा

Ayodhya News: राम मंदिर विवाद पर मुख्यमंत्री योगी का बड़ा बयान, बोले- SIT करेगी निष्पक्ष जांच, दोषी कोई भी हो नहीं बचेगा

 Ayodhya News: राम मंदिर विवाद पर मुख्यमंत्री योगी का बड़ा बयान, बोले- SIT करेगी निष्पक्ष जांच, दोषी कोई भी हो नहीं बचेगा

 

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से जुड़े विवाद को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) पूरी निष्पक्षता के साथ जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई जनता के सामने होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रुदौली विधानसभा क्षेत्र में 378 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 126 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि रामभक्तों ने श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए सदियों तक संघर्ष किया है, इसलिए जांच पूरी होने तक अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए।

 

मुख्यमंत्री योगी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अयोध्या के विकास और उसकी बढ़ती वैश्विक पहचान को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक स्वार्थ के चलते राम मंदिर और अयोध्या को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने अयोध्या में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित किया जा रहा है। एयरपोर्ट, सोलर सिटी, चौड़ी सड़कों, घाटों के सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाओं पर तेजी से कार्य हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। उन्होंने राष्ट्रनायकों और वीरांगनाओं के योगदान को याद करते हुए कहा कि सरकार झलकारी बाई, ऊदा देवी, अवंती बाई लोधी और महाराजा सुहेलदेव जैसे महानायकों की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, सड़क, नगर विकास और आधारभूत संरचना से जुड़ी 126 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी।

Share this story