हज-2027 के लिए महरम के साथ आवेदन से वंचित महिलाएं 7 अक्टूबर तक कर सकेंगी ऑनलाइन आवेदन
वाराणसी। हज-2027 के लिए महरम के साथ आवेदन नहीं कर पाने वाली महिलाओं को आवेदन का एक और अवसर दिया गया है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कृष्ण मुरारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ और हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से महरम श्रेणी में महिलाओं के लिए 500 सीटें आवंटित की गई हैं।
ऐसी महिलाएं, जो किसी कारणवश अपने महरम के साथ हज के लिए आवेदन नहीं कर सकी थीं और उनके महरम का हज-2027 के लिए चयन हो चुका है, अब इस सुविधा के तहत अपने महरम के कवर में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकती हैं। पासपोर्ट समय पर जारी न होना भी आवेदन नहीं कर पाने के कारणों में शामिल है।
आवेदन करने वाली महिला ने इससे पहले हज कमेटी या हज ग्रुप ऑर्गेनाइजर के माध्यम से हज नहीं किया होना चाहिए। इच्छुक महिलाओं को हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑफलाइन, हस्तलिखित या टाइप किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
आवेदक के पास आवेदन की तारीख से पहले जारी वैध मशीन रीडेबल पासपोर्ट होना आवश्यक है। पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए। ऑनलाइन आवेदन के दौरान पासपोर्ट के प्रथम और अंतिम पृष्ठ, पासपोर्ट साइज फोटो, आवासीय पते का प्रमाण तथा महरम से रिश्ते का प्रमाण अपलोड करना होगा।
एक कवर में महिला का आवेदन शामिल करने के बाद कुल आवेदनों की संख्या पांच से अधिक नहीं होनी चाहिए। निर्धारित 500 सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में डिजिटल रैंडम चयन यानी ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा।
