×

प्रयागराज में पानी की टंकी पर चढ़ी महिला, दरोगा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप

प्रयागराज में 45 वर्षीय महिला रेलवे परिसर की पानी की टंकी पर चढ़ गई और दरोगा संजय यादव पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। पुलिस मौके पर पहुंची।  Keywords:

प्रयागराज। प्रयागराज में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 45 वर्षीय महिला रेलवे विद्युतीकरण कार्यालय परिसर में बनी पानी की टंकी पर चढ़ गई।

महिला ने एक दरोगा पर शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया और मौके पर संबंधित दरोगा को बुलाने की मांग पर अड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिला को नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास शुरू किया।

बताया गया कि महिला शुक्रवार शाम करीब चार बजे रेलवे विद्युतीकरण कार्यालय परिसर में पहुंची और वहां बनी पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला के टंकी पर चढ़ने की सूचना मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। मामले की जानकारी पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

मौके पर एसीपी सिविल लाइंस विद्युत गोयल और नगर निगम चौकी प्रभारी दिग्विजय सिंह सहित पुलिसकर्मी पहुंचे। अधिकारियों ने महिला से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। महिला लगातार आरोपी दरोगा संजय यादव को मौके पर बुलाने की मांग करती रही।

महिला का आरोप है कि दरोगा संजय यादव ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। महिला के अनुसार, इसी मामले में उसने मुट्ठीगंज थाने में आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में विवेचना पूरी करने के बाद आरोप पत्र भी न्यायालय में दाखिल कर दिया है।

महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी दरोगा वर्तमान में सरायममरेज थाने में तैनात है। महिला के टंकी पर चढ़ने के बाद पुलिस अधिकारियों ने उससे पूरे मामले की जानकारी ली और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाते रहे।

बताया गया कि महिला स्वयं विवाहित है। फिलहाल उसके टंकी पर चढ़ने की घटना को लेकर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करते रहे।

मामले में पुलिस महिला की शिकायत और पूर्व में दर्ज मुकदमे से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Share this story