प्रयागराज में ट्रक-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, फाइनेंसकर्मी की मौके पर मौत
प्रयागराज। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक फाइनेंसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। रावतपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक टक्कर के बाद करीब दस फीट दूर जा गिरा। सड़क पर गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस चालक से हादसे के संबंध में पूछताछ कर रही है।
हंडिया का रहने वाला था मृतक
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हंडिया क्षेत्र के अंबरिया निवासी 21 वर्षीय अभिषेक कुमार के रूप में हुई है। अभिषेक एक निजी फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी था और कलेक्शन का काम करता था। बताया गया कि बुधवार सुबह वह रोज की तरह बाइक से अपने काम के लिए निकला था। इसी दौरान रावतपुर के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से उसकी जान चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ ही दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
