प्रयागराज में दर्दनाक सड़क हादसा! तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत
प्रयागराज। जनपद के सराय इनायत थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बीके सोनकर (38 वर्ष) पुत्र सजीवन सोनकर निवासी मंदरमोड़, प्रयागराज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह किसी काम से बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अमरशापुर-सहसों हाईवे के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सराय इनायत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
