प्रयागराज। प्रयागराज-वाराणसी राष्ट्रीय मार्ग पर शुक्रवार दोपहर हंडिया थाना क्षेत्र के भेस्की गांव के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। वाराणसी की ओर से आ रही एक सरकारी बस और प्रयागराज की तरफ जा रही कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार कई बार घूमते हुए सड़क किनारे लगभग 10 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी।
दुर्घटना में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही हंडिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मृतकों की पहचान जौनपुर जिले के मीरगंज भतहर निवासी 60 वर्षीय राकेश त्रिपाठी, उनकी पत्नी प्रभावती देवी तथा गोपीगंज निवासी 27 वर्षीय शुभम दुबे के रूप में हुई है। वहीं राकेश त्रिपाठी के पुत्र राहुल त्रिपाठी इस हादसे में सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सभी लोग ज्ञानपुर से झूंसी जा रहे थे। राकेश त्रिपाठी अपनी बेटी के घर जा रहे थे, तभी भेस्की गांव के पास यह हादसा हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त सरकारी बस को कब्जे में ले लिया है। वहीं बस चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
